बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के एक आंगनबाड़ी केंद्र पर खेलने गई साढ़े तीन वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म की कोशिश करने के मामले में पीड़िता का कोर्ट में कलम बंद बयान कराया जाएगा। संभावना है कि सोमवार को पुलिस उसे न्यायालय में प्रस्तुत करे। इससे पहले सीडब्लूसी ने मेडिकल जांच के बाद पीड़िता को उसकी मां के सुपुर्द किया था।
जानकारी के अनुसार, 26 दिसंबर को कलवारी क्षेत्र के एक गांव के आंगनबाड़ी केंद्र पर मासूम के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश करने का मामला सामने आया था। पीड़िता की मां ने गांव के तीन बालकों पर आरोप लगाया था। तीनों की उम्र सात वर्ष से भी कम बताई जा रही है। मासूम की मां का आरोप है कि उसका भतीजा मौके पर पहुंच गया था।
पीड़िता की मां को आरोप है कि भतीजे के बताने के बाद जब उलाहना लेकर वह आरोपी बालकों के घर गई तो उसके परिवार के लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। जान से मामले की धमकी दी गई। सीओ संजय कुमार सिंह के मुताबिक न्यायिक प्रक्रिया के क्रम में पीड़िता का बयान कराया जाएगा। संवाद