बाइक की चपेट में आने से घायल युवक की मौत
दुबौलिया/बस्ती। राम जानकी मार्ग पर दुबौलिया थाने के रमवापुर प्राथमिक विद्यालय के पास शनिवार रात पैदल जा रहे युवक को बेकाबू बाइक ने चपेट में ले लिया। गंभीर चोट आने पर युवक को उसके परिवार के लोग पहले एक निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां से जिला अस्पताल अयोध्या भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान घायल युवक ने दम तोड़ दिया।
रमवापुर निवासी रामू (21) शनिवार की रात करीब नौ बजे गांव के प्राइमरी स्कूल के पास से पैदल ही अपने घर की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पीछे से आई बाइक की चपेट में वह आ गए। हादसे की सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल रामू को विशेषरगंज कस्बे में एक निजी चिकित्सक के पास ले गए।
यहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल अयोध्या लेकर पहुंचे। देर रात रामू की मौत हो गई। उधर ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। हादसे में बाइक चालक भी घायल है। प्रभारी थानाध्यक्ष दुबौलिया विंदेश्वरीमणि त्रिपाठी ने बताया की शव का पोस्टमार्टम अयोध्या में कराया जा रहा है। हादसे में घायल बाइक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।