हादसे में घायल किशोर की भी हुई मौत
दुबौला/बस्ती। कोतवाली क्षेत्र के बड़ेवन फ्लाईओवर के साइड लेन पर स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार को ट्रक की चपेट में आकर घायल हुए 12 वर्षीय उज्ज्वल पांडेय की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से घर वाले बदहवास हैं। इस हादसे में डीआईओएस कार्यालय के कर्मी राज कुमार पांडेय की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बैदोलिया गांव निवासी संतोष पांडेय शहर में परिवार के साथ रहते हैं। शनिवार को संतोष के बहनोई शहर के हवेली खास निवासी अजय दुबे की वैवाहिक वर्षगांठ थी। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए संतोष का 12 वर्षीय पुत्र उज्ज्वल पांडेय अपने फूफा अजय दुबे के साथ बाइक से जा रहा था। कोतवाली थाना क्षेत्र के मूड़घाट बड़ेवन सर्विस रोड पर पैदल जा रहे हवेली खास निवासी 40 वर्षीय राजकुमार पांडेय व बाइक सवार अजय दुबे और उज्ज्वल पांडेय को सामने से आ रही ट्रक ने अपने चपेट में ले लिया। हादसे में घायल राजकुमार और उज्ज्वल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने राजकुमार पांडेय को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल उज्ज्वल को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात उज्ज्वल की भी मौत हो गई। घटना में बाइक चला रहे अजय दुबे को मामूली चोटें आई थीं।