बस्ती। आजादी की 77वीं वर्षगांठ जिले में धूमधाम से मनाई जाएगी। मंगलवार को हर सरकारी कार्यालय, स्कूलों, कॉलेजों, गैर सरकारी संस्थाओं आदि पर तिरंगा फहराया जाएगा। इस दौरान लोग देशभक्ति से सरोबार रहेंगे। साथ ही तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी। इसके लिए सोमवार की देर शाम तक जिले में तैयारी चलती रही।
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में सोमवार को सरकारी कार्यालयों पर सजावट होती रही। शहर के प्रमुख चौराहों पर लगी सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई के साथ लाइट लगाने का कार्य हुआ। शहर के जूनियर हाईस्कूल, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय समेत अन्य स्कूलों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर तैयारी चलती रहीं। इस दौरान छात्रों ने मार्च पास्ट की तैयारी की। साथ ही जगह-जगह स्कूलों में रंगोली बनाई गई। छात्र- छात्राओं ने तिरंगा लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। शहर में जगह-जगह दुकानों पर लोग तिरंगा व अन्य सामग्री की खरीदारी करते नजर आए। डीएम प्रियंका रंजन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन धूमधाम से होगा। इसके लिए सभी विभागों को निर्देश दे दिया गया है।