बस्ती। तापमान गिरते ही खांसी-जुकाम और मौसमी संक्रमण के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने का सीधा असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में इन दिनों 30 प्रतिशत मरीज संक्रमण की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। खासतौर पर बच्चे, बुजुर्ग और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
बुधवार को जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड नौ बच्चे भर्ती थे। सभी मौसमी बीमारी से पीड़ित थे। बुजुर्गों में वार्ड में सुबह 17 मरीज भर्ती थे। दोपहर एक बजे 10 मरीजों को छुट्टी दे दी गई। ओपीडी में मरीजों की लंबी लग रही है। डॉक्टरों के अनुसार, इन दिनों सीएचसी पहुंचने वाले मरीजों में वायरल संक्रमण, खांसी-जुकाम और गले की समस्याओं से पीड़ितों की संख्या अधिक हैं। कई मरीज तेज बुखार, सिरदर्द और गले में खराश जैसी दिक्कतें लेकर पहुंच रहे हैं।
खासतौर बच्चे सहित 50 साल से अधिक उम्र के मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच रहे हैं। डॉक्टर मरीजों को ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने, पौष्टिक आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दे रहे हैं।
जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. खालिद रिजवान अहमद ने बताया कि सर्दी में खांसी, बुखार, स्ट्रोक, निमोनिया, हार्ट अटैक, हाइपोनेट्रिमिया, हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों के मरीज की संख्या बढ़ रही है। इससे बचाव को लेकर सतर्कता बहुत ही जरूरी है। इसके अलावा चर्म रोग, आंख, एलर्जी, डायबिटीज, बीपी के मरीज को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
जिला असपताल में बैठे मरीज। संवाद