- घघौआ पुलिस चौकी पर हंगामे का मामला, सोशल मीडिया पर पोस्ट करने को लेकर हुआ था विवाद
- फोरलेन पर स्थित परशुरामपुर थाने के घघौआ चौकी का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
विक्रमजोत, बस्ती। घघौआ पुलिस चौकी पर हंगामे तक पहुंचा फेसबुक पर पोस्ट लगाने के विवाद का बुधवार को पटाक्षेप हो गया। दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाकर समझौता कराया गया। विवाद बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने चौकी में हंगामा और धक्का-मुक्की की बात को नजरअंदाज कर दिया। सीओ हर्रैया संजय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने लिखित सुलह कर लिया।
बता दें कि परशुरामपुर थाना क्षेत्र के हाईवे स्थित घघौवा पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले गांव केशवपुर निवासी रमेश भारती ने मंगलवार सुबह एक पोस्ट फेसबुक पर लगाई थी, जिसे देखकर पड़ोसी गांव मांचा के एक व्यक्ति ने रमेश भारती को फोन कर गालियां देते हुए तत्काल पोस्टर हटाने के लिए धमकी दी। पोस्ट न हटाने पर वह रमेश भारती के घर पहुंच गया और उनके पिता राम बहादुर व परिजनों को धमकाया कि अगर पोस्ट नहीं हटाई तो दूसरे दिन से सब्जी की दुकान नहीं लगाने पाओगे।
घटना के बाद शाम को रमेश भारती अपनी भाभी मालती देवी एवं पिता राम बहादुर के साथ पुलिस चौकी घघौवा पहुंचे। चौकी इंचार्ज सर्वेश चौधरी को तहरीर देकर उसका वीडियो बनाने लगा, जिसे लेकर चौकी इंचार्ज ने रमेश भारती को चौकी पर बैठा लिया था। इसकी जानकारी जब गांव वालों को हुई तो रमेश के बड़े भाई दिनेश कुमार की अगुवाई में दो दर्जन ग्रामीण चौकी पर पहुंच गए और चौकी इंचार्ज के साथ कहासुनी होने लगी।
इसी दौरान एक सिपाही से ग्रामीणों की झड़प भी हो गई। गुस्साए ग्रामीण पुलिस चौकी के बाहर धरना-प्रदर्शन पर बैठ गए। क्षेत्राधिकारी हर्रैया संजय सिंह व एसएचओ दिनेश चौधरी ने किसी तरह समझा बुझाकर ग्रामीणों को वापस भेजा था।