बस्ती। जिले के 2071 परिषदीय विद्यालयों में दिसंबर में विद्यार्थियों की शैक्षिक दक्षता का आकलन किया जाएगा। कक्षा एक से पांच तक के बच्चों का मूल्यांकन निपुण प्लस एप के माध्यम से डिजिटल तरीके से होगा। इसके लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
समेकित शिक्षा के जिला समन्वयक सुनील के अनुसार, भारत निपुण मिशन के तहत होने वाले इस आकलन में बच्चों की भाषा और गणित की समझ परखी जाएगी। इसके अलावा पढ़ने, समझने और निर्धारित पाठ्यक्रम के अन्य विषयों से जुड़े सवाल भी पूछे जाएंगे। इसका उद्देश्य बच्चों के सीखने के वास्तविक स्तर का पता लगाकर शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार करना है।
बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि मूल्यांकन में 75 प्रतिशत या इससे अधिक प्रश्नों के सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को निपुण घोषित किया जाएगा। विद्यालय का निपुण स्तर भी बच्चों के प्रदर्शन के आधार पर तय होगा। निर्धारित मानकों के अनुसार, किसी विद्यालय के 80 प्रतिशत या अधिक विद्यार्थी निपुण पाए जाने पर उसे निपुण विद्यालय घोषित किया जाएगा।
डीएलएड प्रशिक्षु करेंगे मूल्यांकन
आकलन प्रक्रिया में डीएलएड प्रशिक्षुओं की भी मदद ली जाएगी। प्रशिक्षु निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यालयों में पहुंचकर बच्चों का मूल्यांकन करेंगे। विद्यार्थियों के प्रदर्शन और परिणाम को निपुण प्लस एप पर दर्ज किया जाएगा। इससे विद्यार्थीवार और विद्यालयवार शैक्षिक उपलब्धियों का ब्योरा तैयार होगा। जिन बच्चों की दक्षता निर्धारित मानक से कम मिलेगी, उन्हें चिह्नित कर उनकी कमजोरियों को दूर करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
कोट
बच्चों की शैक्षिक दक्षता का आकलन दिसंबर में प्रस्तावित है। इसके लिए डीएलएड प्रशिक्षुओं की मदद ली जाएगी। मूल्यांकन से बच्चों के सीखने का वास्तविक स्तर पता चलेगा। कमजोर विद्यार्थियों को चिह्नित कर उनके शैक्षिक स्तर में सुधार कराया जाएगा।
-अनूप कुमार, बीएसए