आचार्य रामचंद्र शुक्ल की प्रतिमा का सुंदरीकरण कराने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। आचार्य रामचंद्र शुक्ल को उनकी पुण्यतिथि पर रविवार को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कायस्थ सेवा ट्रस्ट के जिलाध्यक्ष मुकेश कुमार श्रीवास्तव के संयोजन में पदाधिकारियों ने बड़ेवन स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके योगदान पर प्रकाश डाला। कहा कि आचार्य शुक्ल जिले के गौरव हैं।
संस्थापक अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि हिंदी भाषा के उच्च कोटि के साहित्यकार आचार्य रामचंद्र शुक्ल की गणना प्रतिभा संपन्न निबंधकार, समालोचक, इतिहासकार, अनुवादक एवं महान शैलीकार के रूप में की जाती है। यह बस्ती का सौभाग्य है कि उनका जन्म अगौना गांव में हुआ।
ऐसे महान विभूतियों को निरंतर स्मरण किए जाने की जरूरत है। उन्होंने मड़वानगर बड़ेबन स्थित आचार्य रामचंद्र शुक्ल की प्रतिमा का शासन स्तर पर सुंदरीकरण कराने की मांग की
अध्यक्ष मुकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अगौना गांव में जन्मे आचार्य शुक्ल हिंदी साहित्य के उज्ज्वल नक्षत्र हैं। इस दौरान डॉ. सौरभ सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष सर्वेश श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, नितेश श्रीवास्तव, आलोक श्रीवास्तव, विश्वास चित्रांश, नीरज श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।