संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर से सटे मूड़घाट आदर्श प्राथमिक विद्यालय के पास जमीन कारोबारियों ने बीडीए की कार्रवाई को नजरंदाज कर दोबारा अवैध प्लाटिंग करनी शुरू कर दी।
इसकी भनक लगते ही बुधवार को बीडीए की टीम जेसीबी के साथ मौके पर पहुंच गई। इस दौरान तीन हजार वर्ग मीटर जमीन पर जेसीबी चलाकर ईंट की मार्किंग को ध्वस्त कर दिया गया।
जबकि नारंग रोड स्थित घरसोहिया में 40 बिस्वा जमीन में की गई अवैध प्लाटिंग को भी जेसीबी से ध्वस्त करा दिया गया। इस कार्रवाई से जमीन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
शहर के आसपास बीडीए मानक के अनुसार प्लाटिंग कर कॉलोनियों की बसावट की मुहिम तेज हो गई है। इसके तहत बिना ले-आउट पास कराए की जा रही प्लाटिंग पर प्रतिबंध लगाया जा रहा है। पिछले दिनों आदर्श प्राथमिक विद्यालय मूड़घाट के पास राजेंद्र अग्रवाल की करीब 3000.00 वर्ग मीटर भूमि पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए अवैध प्लाटिंग पाई गई थी।
इसे पांच मार्च को बीडीए टीम ने ध्वस्त करा दिया था। अवैध ढंग से प्लाटिंग कर जमीन न बेचने की हिदायत दी गई थी। बीडीए के एक्सईएन हरिओम गुप्ता ने बताया कि कार्रवाई के कुछ दिन बाद निर्देशों की अवहेलना करते हुए जमीन मालिक राजेंद्र अग्रवाल ने दोबारा अवैध ढंग से प्लाटिंग शुरू करा दी।
इसकी जानकारी होने पर डीएम के निर्देश पर फिर से छापा मारा गया। मौके पर संबंधित जमीन पर दोबारा अवैध प्लाटिंग होते पाया गया, जिसे तत्काल प्रभाव से ध्वस्त कराया गया है। इसके बाद टीम नारंग रोड स्थित घरसोहिया पहुंची।
एक्सईएन हरिओम के अनुसार, यहां पिंटू चौरसिया द्वारा करीब 40 बिस्वा जमीन में अवैध ढंग से प्लाटिंग का मामला सामने आया। तत्काल प्रभाव से यहां भी जेसीबी चलाकर अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया।