बभनान। नगर पंचायत के विभिन्न जगहों पर स्थापित लक्ष्मी -गणेश जी की मूर्तियों का बृहस्पतिवार को विसर्जन किया जाएगा। बुधवार देर शाम लक्ष्मी गणेश के पंडालों के सामने हवन व पूजन किया गया। इसके साथ ही भंडारे का आयोजन किया गया। प्रतिमाओं का विसर्जन अयोध्या के सरयू नदी में किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत बभनान के सोसायटी रोड, बागेश्वर नाथ मंदिर परिसर, दीनदयाल नगर वार्ड, कपड़ा मंडी लक्ष्मीबाई भगत सिंह नगर सहित लगभग आधा दर्जन जगहों पर दीपावली पर गणेश-लक्ष्मी जी की मूर्ति पंडाल में स्थापित थी। बुधवार शाम मूर्तियों का पूजन अर्चन के बाद हवन के साथ भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे में बाजार के अलावा ग्रामीण क्षेत्र से भी श्रद्धालु प्रसाद पाने पहुंचे। बाबा बागेश्वर नाथ मंदिर में स्थापित पंडाल के अध्यक्ष सुरेश कमलापुरी ने बताया कि बृहस्पतिवार को मूर्तियों का पिकअप लादकर विसर्जित करने के लिए अयोध्या के लिए रवाना होंगे।