पीएम श्री विद्यालय मूड़घाट में लाइब्रेरी में पढ़ाई करते बच्चे
- फोटो : 1
बस्ती। जिले के पीएमश्री विद्यालयों में स्थापित आईसीटी लैब (सूचना और संचार प्रौद्योगिकी प्रयोगशाला) और लाइब्रेरी विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता बढ़ाने में मददगार साबित हो रही हैं। आईसीटी लैब के माध्यम से बच्चों को कंप्यूटर और इंटरनेट के उपयोग की जानकारी दी जा रही है। वहीं, लाइब्रेरी में उपलब्ध किताबों से उन्हें पाठ्यक्रम के साथ अतिरिक्त ज्ञान हासिल करने का अवसर मिल रहा है।
जिले में 22 पीएमश्री विद्यालय हैं। इनमें अधिकांश विद्यालयों में आईसीटी लैब स्थापित की गई है। यहां विद्यार्थियों को कंप्यूटर चलाने के साथ इंटरनेट के माध्यम से उपयोगी शिक्षण सामग्री तलाशने और डिजिटल संसाधनों का इस्तेमाल करने की जानकारी दी जाती है। शिक्षकों की ओर से ज्ञानवर्धक वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री के माध्यम से भी पढ़ाई कराई जाती है।
लाइब्रेरी में उपलब्ध विभिन्न विषयों की किताबें बच्चों की पढ़ाई में सहायक बन रही हैं। शिक्षक कक्षा शिक्षण में डिजिटल संसाधनों का इस्तेमाल कर विद्यार्थियों को तकनीक के अनुरूप तैयार कर रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इन विद्यालयों में उपलब्ध आधुनिक संसाधनों से बच्चों को सीखने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं। पीएमश्री विद्यालय मूड़घाट के प्रधानाध्यापक सर्वेष्ट मिश्र ने बताया कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। इससे उनकी पढ़ाई को नया आयाम मिला है। बीएसए अनूप कुमार ने बताया कि आधुनिक संसाधनों के उपयोग से बच्चे डिजिटल शिक्षा की दिशा में भी सशक्त हो रहे हैं।