परशुरामपुर। जगदीशपुर गांव में रविवार की रात पत्नी से विवाद के बीच पति ने अपने ऊपर तेजाब डाल लिया। इससे वह झुलस गया। उसे बचाने की कोशिश में उसके पड़ोसी पर भी एसिड पड़ गया।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर निवासी सुभाष सोनी का पत्नी कुसुम से विवाद था। रविवार की रात करीब नौ बजे कहासुनी के बाद सुभाष इतना उग्र हो गया कि कांच की बोतल में रखा तेजाब अपने सिर पर डालने लगा। सुभाष का यह करता देख पड़ोसी जगदंबा प्रसाद गुप्ता ने उसे बचाने की कोशिश की।
तेजाब की बोतल छीनने के चक्कर में जगदंबा पर भी तेजाब पड़ गया। इससे उसका हाथ तथा शरीर के कुछ हिस्से झुलस गए। सुभाष भी तेजाब से गंभीर रूप से झुलस गया।
परशुरामपुर सीएचसी पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने दोनों को मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया है। पुलिस का कहना है कि अभी इस मामले की शिकायत नहीं आई है। संवादӅ