हादसे में पति की मौत, पत्नी घायल
नगर बाजार (बस्ती)। बस्ती-फैजाबाद मार्ग पर बसहवा के पास बुधवार शाम मोटरसाइकिल सवार दंपती वाहन की चपेट में आ गए। हादसे में पति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी मामूली रूप से घायल हो गई।
नगर थाना क्षेत्र के ग्राम मटेरा निवासी 56 वर्षीय पन्नालाल पत्नी धनराजी को मोटरसाइकिल पर बैठाकर रिश्तेदारी में जा रहे थे। अभी वह नगर थाना क्षेत्र के बस्ती-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नगर थाना क्षेत्र के बसहवा के पास पहुंचे थे कि बस्ती से फैजाबाद की तरह जा रही एक तेज रफ्तार वाहन ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया।
हादसे में पीछे बैठी उनकी पत्नी धनराजी मोटरसाइकिल से उछलकर दूर जा गिरी। हालांकि इसमें उन्हें मामूली रूप से चोट आई। थानाध्यक्ष नगर अरविंद कुमार कोरी और फुटहिया चौकी प्रभारी रामदेव घटना स्थल पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि जिस वाहन से हादसा हुआ, उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है।