सल्टौआ-गोपालपुर ब्लॉक के भगवानपुर विद्यालय पर तैनात शिक्षामित्र नीतू चौधरी की रहस्यमय मौत मामले में पुलिस ने पति के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। 16 सितंबर को फंदे से लटका पाकर उसे परिवार के लोग जिला अस्पताल ले गए। वहां से भी रेफर होने के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया। जहां 27 सितंबर को नीतू ने दम तोड़ दिया था।
नीतू के मायके के लोग मुकदमा दर्ज कराने के लिए तब से प्रयास करते रहे लेकिन सुनवाई नहीं हुई। पुलिस के उच्चधिकारियों तक मामला पहुंचने पर मंगलवार को नीतू के पति अवध नरायन के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। परिवार वालों का कहना है कि इसी साल मई में नीतू गांव के भगवानपुर में शिक्षामित्र के रूप में तैनात हुई थी। इसी वर्ष उसकी सिसवा बुजुर्ग निवासी अवध नरायन से शादी हुई। शादी में विदाई के कुछ दिन बाद ही वह मायके आ गई। जून में फिर ससुराल जाकर जुलाई में फिर वापस मायके आ गई। इसी आने-जाने में किसी बात पर अवध नरायन से विवाद हो गया। 16 सितंबर को नीतू फंदे से लटकी दिखी। उसके ऊपर मां की नजर पड़ी लेकिन वह उतारकर नीचे नहीं ला सकी। शोर मचाने पर जब आसपास के लोग जुटे तो उसका फंदा खोलकर जिला अस्पताल ले गए।