बस्ती। जिले के पुलिस महकमे में मंगलवार को बड़ा फेरबदल किया गया है। एसपी अभिनंदन ने सदर सर्किल को छोड़कर बाकी सभी सर्किलों के क्षेत्राधिकारियों का कार्यक्षेत्र बदल दिया है। इस क्रम में नवागत सीओ कुलदीप सिंह यादव को रुधौली सर्किल का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं, पहली बार सीओ यातायात की अलग से तैनाती की गई है। जानकारी के अनुसार, हर्रैया सर्किल के पूर्व सीओ संजय सिंह को कलवारी सर्किल का कार्यभार दिया गया है, जबकि कलवारी सर्किल के पूर्व सीओ प्रदीप कुमार त्रिपाठी को पुलिस लाइंस एवं यातायात का सीओ बनाया गया है। इससे पहले पुलिस लाइंस का अतिरिक्त जिम्मा सीओ स्वर्णिमा सिंह और यातायात का सीओ सत्येन्द्र भूषण तिवारी संभाल रहे थे। इसके साथ ही हर्रैया सर्किल का दायित्व अब रुधौली सीओ स्वर्णिमा सिंह को सौंपा गया है। संवाद