मानिकचंद। सांऊघाट विकासखंड के परसा हज्जाम गांव में रविवार रात गैस सिलिंडर से लगी आग में एक परिवार की गृहस्थी जलकर राख हो गई। आग की चपेट में पड़ोसी का छप्पर भी आ गया। ग्रामीणों की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। परसा हज्जाम गांव निवासी शिवनाथ पुत्र रामदुलारे के पक्के मकान में उनकी बेटी शिवांगी गैस सिलिंडर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान अचानक सिलिंडर में आग लग गई, जो देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। शिवांगी शोर मचाते हुए बाहर निकल गई। ग्रामीणों ने भीगी बोरियां सिलिंडर पर डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। साथ ही टिल्लू पंप और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाई।
आग की लपटें पड़ोसी रामबहोर पुत्र कल्पू के छप्पर वाले मकान तक पहुंच गईं, जिससे उनका छप्पर जलकर राख हो गया। ग्रामीण रजवंत यादव ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड और खझौला चौकी प्रभारी राकेश त्रिपाठी को दी। हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया था। आगलगी में शिवनाथ के घर का घरेलू सामान, कपड़े, बिस्तर, चारपाइयां और नगदी समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। सोमवार सुबह मौके पर पहुंचे लेखपाल अनुराग श्रीवास्तव ने नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी।