आईजी आशुतोष कुमार ने मुण्डेरवा सीएचसी का किया निरीक्षण।
- फोटो : BASTI
जमोहरा में प्रशासनिक टीम ने डाला डेरा, सर्वे शुरू
बस्ती। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के बढ़ती संख्या को लेकर प्रशासन की सतर्कता और तेज हो गई है। शहर से सटे सांऊघाट ब्लॉक के जमोहरा गांव को डीएम ने पूरी तरह सील करा दिया है। इस गांव में सौ से अधिक लोगों की जांच का ताना बाना स्वास्थ्य विभाग की आरआरटी बुन रही है। यहां संदिग्धों की तलाश जारी है। क्योंकि जमोहरा में पिछले दिनों पहुंचे जमातियों के नौ सदस्यीय दल में से दो कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जबकि सात की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इन दोनों से मिलने वाले सभी संदिग्धों को लेकर प्रशासन सतर्क हो गया है। प्रधान सहित गांव के अधिकांश लोगों की जांच शुरू करा दी गई है। सभी को घर में क्वारंटीन कर दिया गया है।
गांव में सूचना मिली कि नौ जमाती ठहरे हुए हैं। इन्हें स्वास्थ्य विभाग की टीम अपने साथ लेकर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची जहां इन्हें क्वारंटीन किया गया। इसके बाद इनके सैंपल जांच के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा गया जहां दो की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली, जबकि अन्य सात निगेटिव पाए गए। निगेटिव मिलने वाले सभी सात को मेडिकल कॉलेज में ही क्वारंटीन कर दिया गया है, जबकि दो को आइसोलेशन वार्ड मुंडेरवा में भर्ती कराया गया है। गांव में पॉजिटिव मिले इन दो लोगों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने बुधवार को हॉटस्पॉट घोषित करते हुए सील कर दिया, जबकि बृहस्पतिवार को डीएम आशुतोष निरंजन, एसपी हेमराज मीणा, डीएसओ रमन मिश्र, एएसपी पंकज कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के रैपिड रिस्पांस टीम मौके पर पहुंची और पूरे गांव की थर्मल स्कैनिंग करते हुए पॉजिटिव पीड़ितों से मिलने वाले संदिग्धों की तलाश तेज कर दी है। इनकी सूची प्रशासन तैयार करा रहा है।
डीएम आशुतोष निरंजन ने कहा कि गांव के संदिग्धों की सूची बनवाई जा रही है। इन लोगों के मिलने जुलने वालों को क्वारंटीन रहने का निर्देश दिया गया है। सभी की जांच कराई जाएगी। फिलहाल गांव का सर्वे किया जा रहा है। संदिग्धों की तलाश जारी है।