बस्ती। कांशीराम आवास योजना के भवन संख्या दो और तीन में रहने वाले लोगों को जल्द पेयजल की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर पालिका की ओर से यहां नई पाइपलाइन बिछाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए 10.43 लाख रुपये की लागत से होने वाले कार्य की निविदा प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
कांशीराम आवास के पास बिछाई गई पुरानी पाइपलाइन जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह लीकेज होने से कई घरों में गंदा पानी पहुंचने की शिकायत सामने आ रही थी। इससे लोगों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ रही थी। कई लोग हैंडपंप का पानी इस्तेमाल करने को मजबूर थे, जबकि कुछ लोग नल के पानी को उबालकर पी रहे थे।
कुछ माह पहले कई घरों में नल से कीड़े निकलने की शिकायत भी मिली थी। इसके बाद नगर पालिका ने पाइपलाइन के लीकेज की मरम्मत कराने के साथ पानी की टंकी की सफाई भी कराई थी। हालांकि, जर्जर पाइपलाइन के कारण पेयजल आपूर्ति की समस्या पूरी तरह दूर नहीं हो सकी।
-
निविदा के बाद शुरू होगा काम
नगर पालिका ने समस्या के स्थायी समाधान के लिए नई पाइपलाइन बिछाने का निर्णय लिया है। जेई अर्चना कुमार ने बताया कि 10.43 लाख रुपये की लागत से पाइपलाइन बिछाने का कार्य कराया जाएगा। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही जल्द काम शुरू करा दिया जाएगा।