ड्यूटी के दौरान होमगार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
परशुरामपुर। कस्बे में स्थित सेंट्रल बैंक शाखा के सामने रात्रिकालीन सुरक्षा में लगे होमगार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना के कुछ ही देर में पुलिस पहुंची। फॉरेंसिक जांच टीम और हर्रैया सीओ शिवप्रताप सिंह भी मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
पैकोलिया थाना क्षेत्र के जीतीपुर गांव के होमगार्ड राजेंद्र कुमार(45) परशुरामपुर थाने से बाजार में ही स्थित सेंट्रल बैंक की शाखा में रात्रि कालीन सुरक्षा में तैनात किए गए थे। इनके साथ एक और होमगार्ड गोपाल सिंह की भी ड्यूटी लगी थी। सोमवार भोर में गोपाल सिंह ने थाने पर सूचना दी कि राजेंद्र कुमार बैंक के सामने सड़क के किनारे मृत अवस्था में पड़े हैं। गोपाल की सूचना पर पुलिस सेंट्रल बैंक के पास पहुंची। मृत होमगार्ड का शव थाने पर ले आई। सूचना मिलते ही सीओ हर्रैया शिव प्रताप सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। बैंक खोलवा कर उसके अंदर लगे सीसीटीवी को खंगाला। फुटेज देखने के बाद सीओ ने बताया कि बैंक के सामने जिस टीन शेड में गार्ड बैठा था साफ साफ दिख रहा है कि गश खाकर गिर रहा है। जिससे उसकी मौत हुई है।
वहीं होमगार्ड राजेंद्र के मुंह से जिस तरह से खून निकले थे उससे ऐसा प्रतीत होता है कि गहरी चोट लगी है। महत्वपूर्ण बात यह कि परशुरामपुर थाने से महज एक किमी की दूरी पर सेंट्रल बैंक है। साथ में अन्य होमगार्ड भी था। यदि मिर्गी का दौरा पड़ा होगा तो राजेंद्र की तत्काल मौत नहीं हुई होगी। प्राथमिक इलाज मिल गया होता तो शायद उसकी जान बच जाती। संवेदनहीनता के चलते खुले में पडा तडपता रहा,और किसी ने उसकी सहायता नहीं की। बहरहाल मौत का कारण जो भी हो यह तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा। पत्नी रेखा का रो रो कर बुरा हाल है। तथा दो बच्चों शुभम (12) बृजेश (8) के सिर से पिता का साया उठ गया है। घटना के संदर्भ में पूछे जाने पर परशुरामपुर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि होमगार्ड राजेंद्र कुमार को परशुरामपुर बाजार की सेंट्रल बैंक शाखा की सुरक्षा में रविवार/सोमवार की रात में लगाया गया था। उसकी मौत उल्टियां होने के बाद गश खाकर गिरने से हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरी बात स्पष्ट हो जाएंगी।