टिनिच। गौर थाना क्षेत्र के भदना गांव निवासी होमगार्ड जवान सुभाष चंद्र पांडेय (48) की रविवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। दिसंबर में उनकी बेटी की शादी होनी है। घटना से परिवार में मातम पसरा है।
सुभाष बस्ती के पचपेडिया स्थित यातायात विभाग में ड्यूटी करते थे। परिजनों के अनुसार, रविवार शाम ड्यूटी से घर लौटने के बाद उन्होंने भोजन किया और सोने चले गए। कुछ देर बाद उन्हें बेचैनी होने लगी। पसीना आने और दर्द की शिकायत पर परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी वह बेहोश हो गए। परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मौत की वजह हार्ट अटैक बताई।
सुभाष के तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनके एक बेटे की पहले ही सांप के डसने से मौत हो चुकी है। बड़ा बेटा नोएडा में मजदूरी करने के साथ पढ़ाई भी करता है। दिसंबर में बेटी की शादी तय होने के कारण परिवार में तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच सुभाष की अचानक मौत से परिजन सदमे में हैं।
घटना की जानकारी मिलने पर यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी, होमगार्ड कंपनी कमांडर राम सजीव रामचंद्र सहित होमगार्ड जवान दिलीप, संजय, बृज बिहारी और विनोद उनके घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।