बस्ती। आखिरकार रुठे बादल मान गए और रविवार को झमाझम बरस पड़े। बारिश ने लोगों को गर्मी से जहां राहत दी तो वहीं शहर के कई मोहल्ले, गली में जलनिकासी न होने से सड़क पर पानी भर गया। यही हाल सरकारी कार्यालयों का भी रहा। उधर, बरसात खेती के लिए संजीवनी भी बन गई। किसान उत्साहित होते हुए खेतों में धान की रोपाई में जुट गए। ऐसे में नगर पालिका के बरसात के पूर्व की गई नालों की सफाई का दावा खोखला निकला।
रविवार को सुबह छह बजे ही आसमान में बादल छा गए। रिमझिम बारिश शुरू हो गई थी। दिन में बारिश की बौछार कम हुई। फिर भी रुक-रुक कर बरसात होती रही। वहीं, शाम करीब चार बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई। इससे शहर के दक्षिण दरवाजा, रौतापार, धर्मशाला, कटरा, बभनगांवा, तुकर्किया, महरीखांवा, नरहरिया, मिश्रौलिया, पांडेय बाजार, मुरलीजोत चइयाबारी में दो घंटे की मूसलाधार बारिश से गलियां तालाब बन गईं तो कई घरों में पानी घुस गया।
जबकि जिला अस्पताल परिसर, बिजली विभाग कार्यालय परिसर और महिला हास्पिटल कैंपस, कोतवाली, पशु अस्पताल, टीबी अस्पताल, टाउन क्लब, बीएसए तफ्तर, अमहट पार्क, नॉर्मल स्कूल में जलभराव हो गया। घरों में घुसे पानी को निकालने के लिए लोग जुटे रहे। कई खाली प्लाटों में भी पानी घुस गया। यह स्थिति तब है जब नगर पालिका द्वारा पूरे नाले की सफाई व्यवस्था कराने का दावा किया गया है। मौसम विभाग की माने तो सोमवार को भी बारिश की संभावना है।
उधर, बारिश से किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। खेतों में लगी धान की नर्सरी जो सूखने की कगार पर पहुंच चुकी थी उसे संजीवनी मिल गई। बारिश से खेत पानी से लबालब हो गए। किसान खुशी-खुशी धान की रोपाई में जुट गए। सदर के किसान राधेध्याम, भानपुर के महेश, कप्तानगंज जीतनरायन ने कहा कि बारिश ने किसानों की परेशानी एक हद तक दूर कर दी।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. बाबूराम ने बताया कि तेज धूप तथा गरमी से धान की नर्सरी तथा रोपे गए धान की फसल में रोग लग रहा था। बारिश के बाद समस्या से निजात मिलेगी। धान की रोपाई में तेजी आ जाएगी। डीएओ के अनुसार रविवार 10 मिली मीटर बारिश रिकाॅर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को भी बारिश की संभावना है।
हर्रैया, बभनान, गौर, भानपुर, बहादुरपुर, दुबौला, कलवारी, चिलमा, गनेशपुर क्षेत्र में जमकर बारिश हुई। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जगह-जगह जलभराव की सूचना मिली। हाईवे के मूड़घाट, गोटवा, कप्तानगंज, हर्रैया सर्विस रोड पर भी पानी जमा होने से राहगीरों को परेशानी हुई।
-
बारिश शुरू होते ही गुल हो जा रही बिजली
बारिश के बाद अमहट, मालवीय रोड, बड़ेवन, पुरानी बस्ती, पालीटेक्निक फीडर की बिजली आपूर्ति एक से डेढ़ घंटे बाधित रही। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में दुबौला, दुबौलिया, गाउखोर, बहादुरपुर और नगर बाजार में भी आपूर्ति शाम के प्रभावित रही। इससे लोगों को परेशानी हुई। अमहट उपकेंद्र के आवास विकास फीडर की बिजली सुबह आठ बजे से 11 बजे तक बाधित रही।