बस्ती। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संचालित स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति धीमी मिलने पर संबंधित स्वास्थ्य इकाइयों को चेतावनी दी गई है। अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सोमवार को एएनएमटीसी में जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) की कार्यकारिणी निकाय की प्री डीएचएस बैठक में कार्यक्रमवार समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिए गए।
डिप्टी सीएमओ आरसीएच डॉ. बृजेश शुक्ला की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनपद में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सभी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला स्तरीय डीएचएस बैठक से पहले आयोजित प्री डीएचएस में कार्यक्रमों की उपलब्धियों और कमियों का आकलन कर सुधार के लिए जरूरी कदम तय किए जाते हैं।
बैठक में विभिन्न राजकीय स्वास्थ्य इकाइयों में आईपीडी और ओपीडी सेवाओं की स्थिति, संस्थागत प्रसव, जननी सुरक्षा योजना के लाभार्थियों के भुगतान और गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण की प्रगति पर चर्चा हुई। इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं के लंबित भुगतान, ई-संजीवनी के तहत टेली-कंसल्टेशन, गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम और परिवार नियोजन कार्यक्रम की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की वित्तीय प्रगति और खर्च का भी ब्योरा लिया गया।
समीक्षा में जिन स्वास्थ्य इकाइयों की उपलब्धियां निर्धारित लक्ष्य से कम मिलीं, उन्हें चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार करने को कहा गया। संबंधित अधिकारियों को नियमित पर्यवेक्षण और प्रभावी अनुश्रवण के जरिये कार्यक्रमों की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ब्लॉक स्तर से सभी अधीक्षक और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सहायक शोध अधिकारी व ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक शामिल हुए। जनपद स्तर से जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला मातृत्व स्वास्थ्य सलाहकार, जिला परिवार नियोजन सलाहकार, जिला कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।