जिला अस्पताल का निरीक्षण करते स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह।
- फोटो : BASTI
स्वास्थ्य मंत्री ने लिया जिला अस्पताल का जायजा
बस्ती। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शुक्रवार की शाम प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जय प्रताप सिंह अचानक जिला अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने गाड़ी से उतरते ही इमरजेंसी की ओर रुख किया। एसआईसी डॉ. ओपी सिंह से फीडबैक लिया। इसके बाद मंत्री सीधे आइसोलेशन वार्ड पहुंचे। हालांकि यहां एक भी कोरोना पॉजिटिव भर्ती नहीं है, मगर चाक चौबंद व्यवस्था देख मंत्री ने अधिकारियों को शाबासी दी। दस मिनट में यह कार्य निपटाने के बाद वे एसआईसी के चैंबर में पहुंचे। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं का हाल जाना। 45 मिनट में मंत्री ने सभी बिंदुओं पर क्रमवार एसआईसी व डॉक्टरों से जानकारी हासिल की।।
करीब पौने पांच बजे अचानक स्वास्थ्य मंत्री की गाड़ी जिला अस्पताल पहुंची। इसकी जानकारी होते ही एसआईसी डॉ. सिंह, वरिष्ठ सर्जन डॉ. आनंद ओझा, डॉ. राम प्रकाश, डॉ. विजय सचान व डॉ. ओपी चौधरी वहां पहुंच गए। स्वास्थ्य मंत्री ने इमरजेंसी वार्ड को भी देखा। यहां थोड़ी देर अधिकारियों से पूछताछ के बाद सीधे आइसोलेशन वार्ड गए। करीब दस मिनट यहां गुजारने के बाद वे अधिकारियों व डॉक्टरों के साथ बैठक की। जिले के हालात पर चर्चा की। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या, जांच की व्यवस्था व अन्य मुद्दों पर फीड बैक लिया। डॉ. आनंद ओझा ने बताया कि मंत्री ने अभी सामान्य ओपीडी के बारे में कोई चर्चा नहीं की है। उन्होंने केवल फीवर वार्ड व इमरजेंसी ऑपरेशन आदि के बारे में ही चर्चा की।