बस्ती। जिले के 39 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को आयोजित जन आरोग्य मेला खानापूरी तक ही सीमित रह गया है। कई केंद्रों पर जांच न होने से मरीज निराश होकर लौट गए।
नगरीय पीएचसी बरदहिया में विशेषज्ञ के बजाय एमबीबीएस डॉ. इंद्रावती कुमारी ने आए मरीजों की सेहत जांची। ब्लड जांच के बाद दवा लिखकर पर्ची दे दी गई। एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड जांच न होने से कई मरीज निराश लौट गए। दोपहर दो बजे तक 41 मरीजों को परामर्श दिए जाने का दावा किया गया।
इसी तरह पीएचसी नरहरिया में ढाई बजे तक 40 मरीजों की जांच हुई। एमबीबीएस चिकित्सक डॉ. आरपी सिंह परामर्श दे रहे थे। पीएचसी वाल्टरगंज में डॉ. रवि वर्मा ने मरीजों की जांच की। फार्मासिस्ट उमेश चंद्र सिंह ने दवाएं दी। इसके अलावा पीएचसी मंझरिया, पीएचसी कुदरहा, पीएचसी बेलभरिया में जैसे-तैसे कोरम पूरा किया गया।
मेला में 18 मरीजों का की जांच, नहीं लगा बैनर : कलवारी। सीएचसी बहादुरपुर में आयोजित आरोग्य मेले में 18 मरीजों की जांच की गई। डॉ. पवन कुमार ने बताया कि मेला में बुखार, पेट दर्द, उल्टी, पीलिया, हड्डी दर्द के रोगी अधिक रहे। जन आरोग्य मेला का बैनर नहीं लगा था, जबकि पूर्व में अधिकारी बैनर के लिए निर्देशित कर चुके हैं। एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड तक नहीं हुआ। मरीज लौट गए। फार्मासिस्ट घनश्याम सिंह, एलटी राजेश कुमार, स्टाफ नर्स कल्पना मिश्रा, वार्ड ब्वॉय भगवान दास तथा स्वीपर रमजान अली ने सहयोग किया। संवाद
आरोग्य मेले में पहुंचे 72 मरीज, नहीं थे एलोपैथ के डॉक्टर : बभनान। पीएचसी बभनान में बिना एलोपैथ चिकित्सक के 72 मरीजों की जांच किए जाने का दावा किया गया। आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. दिनेश यादव और होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. आशुतोष गुप्ता ने मरीजों को परामर्श दिया। दोनों चिकित्सक एलोपैथ मरीजों की जांच कर दवा दिया। फार्मासिस्ट आशुतोष शुक्ला और फार्मासिस्ट राजकरन चौधरी ने दवाएं बांटी।
कागजी रहा बनकटी में आरोग्य मेला : बनकटी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला बनकटी पीएचसी में कागजी दिखा। नाम के मेले में कोई अतिरिक्त सुविधा व विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं दिखे। 20 मरीजों की जांच किए जाने का दावा किया गया। मरीजों ने बताया कि एक्स-रे नहीं हुआ। ब्लड जांच हुई। डॉ. आनंद यादव ने बताया कि जो मरीज आए जांच कर दवाएं दी गई।
फार्मासिस्ट पीसी पांडेय ने दवाएं बांटी। बब्बू पाल, बाबूराम चौधरी, जयराम तिवारी ने बताया कि मेला नाममात्र का है।