बस्ती। जिले के सरकारी अस्पतालों में जांच सुविधा और मजबूत होगी। जांच की गति बढ़ाने के लिए शासन स्तर से करीब 2.86 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह धन जिला अस्पताल, महिला चिकित्सालय, 100 बेड हर्रैया महिला अस्पताल और सभी 14 सीएचसी में पैथालॉजी लैब के सुधार के लिए प्राप्त हुआ है।
इस बजट से डॉयग्नोस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार किया जाएगा। विभाग का कहना है कि बजट तो मिल गया है, लेकिन अभी इसके खर्च की अनुमति नहीं मिली है। इसे खर्च करने के लिए शासन की ओर से गाइडलाइन जारी की गई है। गाइड लाइन के अनुसार ही धन खर्च किया जाएगा। यह बजट 15वें वित्त योजना के अंतर्गत जिला अस्पताल, विशेष चिकित्सालय और सीएचसी स्तर पर में संचालित पैथालॉजी लैब में जांच की व्यवस्था और बढ़ाने के लिए जारी किया गया है।
इससे मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी। जो जांच अभी सीएचसी पर नहीं हो पा रही है, वह भी शुरू हो जाएगी। इससे मुख्यालय तक आने में मरीजों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। बताया गया कि सभी सीएचसी के लिए 1.12 करोड़ रुपये, जिला अस्पताल के लिए एक करोड़ चार लाख व जिला महिला अस्पताल और 100 बेड महिला अस्पताल हर्रैया के लिए 72 लाख रुपये शासन से जारी किया गया है।
सीएमओ डॉ. राजीव निगम का कहना है कि डॉयग्नोस्टिक इंफ्रास्ट्रक्चर मद के लिए जो बजट आया है, उसे नियमानुसार खर्च किया जाएगा। सभी एमओआईसी के इस बाबत निर्देश भी दिए गए हैं।