जिला महिला अस्पताल में बच्चे की जांच करते बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित चौधरी संवाद
बस्ती। भीषण गर्मी, उमस और बिजली कटौती के कारण उल्टी-दस्त, डिहाइड्रेशन और बेचैनी के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। जिला अस्पताल ओपीडी और इमरजेंसी में बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। हालत खराब होने पर बृहस्पतिवार की राम इमरजेंसी में 10 मरीज भर्ती हुए हैं। डॉक्टरों ने पर्याप्त पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है।
शुक्रवार को ओपीडी में 904 नए और 123 पुराने मरीज आए। मेडिसिन विभाग में सर्वाधिक मरीज रहे। बाल रोग विभाग के डॉ. एके सिंह ने बताया कि ओपीडी में 150 बच्चे आए। इनमें से 50-60 फीसदी को उल्टी-दस्त, पेट में दर्द, डिहाइड्रेशन के सबसे ज्यादा मरीज रहे। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित चौधरी ने बताया कि रात में भी गर्मी अधिक है और बिजली कटौती से बच्चे सो नहीं पाते। पसीना अधिक आने पर शरीर में पानी की कमी भी हो रही है। कुछ बच्चों के उल्टी भी करने से हालत खराब हो गई। ऐसे में इमरजेंसी में 15 बच्चे दिखाने आए।
फिजिशियन डॉ. एसडी ओझा के अनुसार, मेडिसिन विभाग में भी 345 मरीज आए। इनमें भी उल्टी-दस्त, पेट में दर्द, फूड पॉयजनिंग, घबराहट, पानी की कमी, चक्कर आना समेत अन्य की परेशानी मिली। वायरल फीवर वाले भी मरी आए। बताया गया कि ऐसी ही हालत में इमरजेंसी में भी सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक 60 मरीज दिखाने आए। बताया कि रात का भी पारा कम नहीं है और उमस भी हो रही है। इससे मरीजों में बेचैनी हो रही है, नींद भी प्रभावित है। पसीना अधिक निकलने पर बीपी कम हो रहा है।