ऑनलाइन आवेदन में आ रही खामियों को जल्द दुरुस्त कराए सरकार : दीनदयाल
पीएम, सीएम को ज्ञापन भेजकर शुल्क प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति की मांग
बस्ती। मेधा प्रवक्ता दीनदयाल तिवारी के संयोजन में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को डीएम प्रियंका निरंजन के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, समाज कल्याण मंत्री, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री को ज्ञापन भेजा। दीनदयाल ने बताया कि शुल्क प्रतिपूर्ति एवं छात्रवृत्ति से वंचित प्रदेश के 20 लाख से अधिक छात्रों को लाभ देने की मांग की गई है।
मेधा प्रवक्ता ने बताया कि शुल्क प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। संघर्ष के बाद शुल्क प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति फार्म भरे जाने की तिथि बढाई गई। लेकिन ऑनलाइन आवेदन करने पर तमाम त्रुटियां सामने आ रही हैं और उनका निराकरण भी नहीं हो पा रहा है। ऑनलाइन आवेदन के करने के बाद जब छात्र फार्म का प्रिंट निकाल रहे हैं तो वह सादा आ रहा है। जिसे लेकर छात्रों में भ्रम बना हुआ है। अधिकारियोें से शिकायत करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। ऐसी स्थिति में छात्र शुल्क प्रतिपूर्ति और छात्रवृत्ति से वंचित हो सकते हैं। प्रदेश के लाखों छात्र इस समस्या से जूझ रहे हैं। बताया कि ज्ञापन में आवेदन की खामियों को दुरुस्त करने की मांग की गई है। मौके पर उमेश पांडेय ‘मुन्ना’ राहुल तिवारी, अमित उपाध्याय, रुद्र आदर्श पांडेय, प्रतीक मिश्र, अंकित उपाध्याय, आयुष कुमार, गिरीश चंद्र गिरी, हर्षित त्रिपाठी, गुड्डू मिश्रा और लालचंद भट्ट आदि मौजूद रहे।