बस्ती। ग्रामीण क्षेत्र में संचालित सरकारी भवनों पर बिजली विभाग का लगभग 50 करोड़ रुपये का बकाया है। इसमें स्ट्रीट लाइट, आंगनबाड़ी केंद्र, परिषदीय विद्यालय और अन्य योजनाओं के कनेक्शन शामिल हैं। डिस्कॉम वाराणसी ने बकाया वसूली का फरमान जारी किया गया है।
जिले की ग्राम पंचायतों पर बिजली विभाग का करीब 50 करोड़ रुपये का बकाया हो गया है। इस बकाये में स्ट्रीट लाइट, आंगनबाड़ी केंद्र, परिषदीय विद्यालय, पंचायत भवन, सामुदायिक शौचालय और ग्रामीण पेयजल योजनाओं के कनेक्शन शामिल हैं। डिस्कॉम वाराणसी ने बकाया वसूली को लेकर सख्ती दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश जारी किए हैं। अधीक्षण अभियंता मंडल बस्ती कार्यालय से सभी 14 ब्लॉकों की 316 ग्राम पंचायतों की सूची संबंधित खंड के अधिशासी अभियंताओं को भेजी जा रही है।
इन अभियंताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में बकाया वसूली सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्रों के बिजली कनेक्शन पर लगभग 1.7 करोड़ रुपये बकाया है। वहीं, ग्रामीण पेयजल योजनाओं के 81 कनेक्शन पर करीब 5.2 करोड़ रुपये बकाया है। इसके अलावा ग्रामीण स्ट्रीट लाइट के 742 कनेक्शनों पर 12.7 करोड़ रुपये, 1025 पंचायत भवनों पर 5.8 करोड़ रुपये और 669 सामुदायिक शौचालयों पर लगभग चार करोड़ रुपये का बकाया है।