रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री-संवाद
बस्ती। गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या पांच और छह पर यात्री सुविधा के लिए बनाए जा रहे पैदल उपरिगामी पुल निर्माण कार्य के चलते रेलवे प्रशासन की ओर से लिए गए यातायात पावर ब्लॉक के चलते पिछले 30 अप्रैल से 9 मई तक निरस्त चल रही गोरखपुर-गोंडा पैसेंजर ट्रेन का संचालन रविवार से शुरू हो गया है। पैसेंजर ट्रेन के चालू होने से छोटे रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अब काफी राहत मिलेगी।
गोरखपुर से चलकर बस्ती के रास्ते गोंडा को जाने वाली पैसेंजर ट्रेन का संचालन रविवार से शुरू हो गया है, यह ट्रेन पिछले नौ दिनों से निरस्त चल रही थी, ट्रेन के चालू होने से गोरखपुर से गोंडा तक छोटे रेलवे स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलेगी और अब कम पैसे में यात्री अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे। सहालग का सीजन होने के नाते प्रतिदिन भारी संख्या में यात्रियों का आना-जाना होता है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि यातायात पावर ब्लॉक के चलते निरस्त चल रही गोरखपुर लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस और गोरखपुर गोंडा पैसेंजर ट्रेन का संचालन रेलवे प्रशासन की ओर से शुरू कर दिया गया है। ट्रेनों का संचालन होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।