आज से चलेगा गोल्डन कार्ड बनाने का अभियान
डीएम ने की बैठक, एक माह में बनाए जाएंगे कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की बैठक सोमवार को डीएम आशुतोष निरंजन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में मंगलवार (आज ) से एक माह तक अभियान चलाकर गोल्डन कार्ड बनाने की योजना बनाई गई। कार्ड के लिए लाभार्थी को 30 रुपये देने होंगे। डीएम ने कहा कि अभियान के प्रथम चरण में गोल्डन कार्ड से वंचित 50 या उससे अधिक परिवार वाले गांवों में चलाया जाएगा। बैठक में डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा भी की।
डीएम ने कहा कि कार्ड बनाने के लिए प्रेरित करने वाली आशा को प्रति व्यक्ति पांच रुपये व एक से अधिक पर 10 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में पाया कि जिले में 16 सरकारी व 17 निजी अस्पताल आयुष्मान योजना में इलाज करने के लिए पंजीकृत है। डीएम ने अन्य सरकारी व निजी अस्पतालों का पंजीकरण कराने का निर्देश दिया है। सीडीओ सरनीत कौर ब्रोका, डॉ. सीएल कन्नौजिया, डॉ फखरेयार हुसेन, सीएमएस डॉ. रोचस्पति , सीओ गिरीश सिंह आदि मौजूद रहे।
गंभीर रोगों के इलाज की दिलाएं सुविधा
- डीएम कहा कि जिले में न्यूरो सर्जन, नेफ्रो, ह्रदय रोग संबंधी इलाज की सुविधा नहीं है। इसके लिए गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी से योजना में पंजीकृत अस्पताल से संपर्क बनाकर जिले के मरीजों का इलाज कराने की व्यवस्था कराएं। उधर सीएमओ डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि नए अस्पताल के पंजीकरण के लिए उसके पास कम से कम 10 बेड होना चाहिए। उन्हें एमओयू साइन करना होगा।