आंचल का 19 को होना था मुंडन, उसी दिन हुआ कत्ल
14 दिसंबर से थी लापता, 20 को गन्ने के खेत में मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। 14 दिसंबर को रोहदा गांव से लापता हुई छह साल की मासूम आंचल की मौत दम घुटने से हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यही बात सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, कत्ल शव मिलने (20 दिसंबर) के 24 घंटे पहले किया गया अर्थात 19 दिसंबर को। इसी दिन उसका मुंडन भी होना था। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 14 दिसंबर को लापता होने के बाद 19 दिसंबर तक आंचल कहां थी। ऐसा किसने और क्यों किया ? यह लोगों को समझ में नहीं आ रहा है। फिलहाल पुलिस ने आंचल के पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ अज्ञात हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
14 दिसंबर को दोपहर बाद रोहदा गांव के रामयश की पुत्री आंचल गांव की एक ऐसी दुकान से अचानक गायब हुई, जहां देर रात तक लोग मौजूद रहते हैं। उसके घर में उसके मुंडन की तैयारी चल रही थी। परिवार के लोग कार्ड बांट रहे थे। काफी देर रात बालिका का पता नहीं चला तो पिता ने पुलिस को सूचना दी। परशुरामपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने तीन टीम बनाकर गांव और आसपास तलाश कराई। गोंडा और अयोध्या के संभावित स्थानों पर तीन दिन तक खोजबीन की गई। इसी बीच रविवार (20 दिसंबर) को गन्ने की कटाई करने गए ग्रामीणों ने बालिका का शव देखा। परिवार के लोग पहुंचे और उसकी पहचान की। सूचना पाकर एसपी हेमराज मीणा और सीओ हर्रैया भी पहुंचे। परिवार व गांव के लोगों से पूछताछ की मगर घटना के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला।
अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
एसपी हेमराज मीणा ने बताया कि 24 घंटे पहले यानी 19 दिसंबर को ही उसकी हत्या की गई थी। शरीर पर किसी तरह के चोट और खरोच नहीं मिला। उसके बाल भी नहीं बिखरे थे। करीने से कंघी किए हुए बालों में क्लिप भी लगी हुई थी। पोस्टमार्टम के बाद प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि आंचल की मौत दम घुटने से हुई है। मृतका के पिता मुंबई में रहते हैं जो इन दिनों घर पर ही थे। मृतका के दो बड़े भाई हैं। पुलिस हत्या की वजह तलाशने के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। पिता की तहरीर पर परशुरामपुर थाने में हत्या और शव छिपाने का मुकदमा अज्ञात के खिलाफ दर्ज किया गया है।
रहस्य बरकरार
अपहर्ता की नीयत को लेकर रहस्य बरकरार है। सामान्यतया अपहरण करने वाला या तो फिरौती चाहता है या अपनी कोई दुश्मनी निकाल रहा होता है। अपहरण करने वाले ने बालिका को तीन-चार दिन तक सुरक्षित छुपा के रखा था। 19 तारीख को उसके मुंडन वाले समय पर गला दबाकर मार डाला। पुलिस सभी पहलुओं पर छानबीन कर रही है। उम्मीद है कि जल्द ही वारदात की वजह साफ होगी।