बस्ती/भानपुर। गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की जांच
की गई। इस दौरान ढेरों गड़बड़ियां मिलीं। बीडीओ केपी त्रिपाठी और सीडीपीओ
अनिल कुमार पांडेय के संयुक्त निरीक्षण में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका
विद्यालय रामनगर में व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं मिली।
टीम सुबह
सवा दस बजे पहुंची तो प्रभारी वार्डेन रेखा मिश्रा, कौशल्या देवी, मिथलेश,
पुष्पा मिश्रा, कंचन सिंह और अजय प्रताप पार्ट टाइम टीचर उपस्थित मिले जबकि
कार्यालय लेखाकार अशोक कुमार बिना किसी प्रार्थना पत्र के अनुपस्थित रहे।
बीडीओ
ने बताया कि रसोइया प्रेमवती, चंद्रावती, प्रभावती और चपरासी दिलीप कुमार
उपस्थित रहे। विद्यालय में कुल पंजीकृत 94 बालिकाओं में मात्र 47 उपस्थित
थीं। बताया कि कक्षा 6 में 33 के सापेक्ष 30, कक्षा 7 में 50 के सापेक्ष 14
कक्षा 8 में 11 के सापेक्ष मात्र तीन बालिकाएं ही मिलीं।
बताया कि
विद्यालय आवास जर्जर हैं फर्श उखड़ चुके हैं। बाउंड्री भी नहीं हैं।
फर्नीचर टूट चुके हैं। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई नहीं मिली। विद्यालय
में बिजली के कनेक्शन नहीं है। विद्यालय में बालिकाओं के लिए बने शौचालय
में दरवाजे नहीं हैं। स्टॉक रूम में अनाज रखा मिला जबकि सब्जी का अभाव रहा।
दिसंबर का उपभोग रजिस्टर अपूर्ण मिला। प्रभारी वार्डेन के हस्ताक्षर भी
नहीं थे। बताया कि वार्डेन ने अप्रैल से नवंबर तक राशन उपभोग रजिस्टर को
देखा तक नहीं है। अधिकारियों कार्रवाई के लिए जांच आख्या जिलाधिकारी को भेज
दी है।
परशुरामपुर बीडीओ श्यामजी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका
विद्यालय परशुरामपुर के निरीक्षण में शौचालय की स्थिति बदहाल मिली। साथ ही
आकस्मिक अवकाश पंजिका और पत्र व्यवहार रजिस्टर बना ही नहीं था। बीडीओ ने
जिम्मेदारों को चेतावनी दी।
बीडीओ के निरीक्षण में शौचालय की पाइप
लाइन टूटी मिली। मोटर जला बताया गया। भोजन मेन्यू के अनुसार बना था। वार्डन
शशि प्रभा ने बताया कि कमियों के बारे में अधिकारियों को अवगत कराकर
व्यवस्था में सुधार कराने को कहा गया है। निरीक्षण के दौरान बाल विकास
परियोजना अधिकारी प्रियंका सिंह, बीआरसी प्रभारी सुरेंद्र मिश्रा आदि मौजूद
रहे।
पार्ट टाइम टीचर और सहायक रसोइया अनुपस्थित
सल्टौआ। ब्लॉक
मुख्यालय पर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का गुरुवार को बीडीओ ने
निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पार्ट टाइम टीचर स्मृति पाठक और सहायक
रसोइया सरस्वती देवी अनुपस्थित पाई गईं। कक्षा 7 में 37 पंजीकृत बालिकाओं
में से 8, कक्षा 8 में 16 में से 3 उपस्थित मिलीं। शौचालय और परिसर में
गंदगी पर बीडीओ ने इसे ठीक कराने का निर्देश दिया।