- छावनी थानाक्षेत्र के भगवानपुर गांव की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
छावनी/बस्ती। थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में 22 वर्षीय युवती का घर के पास पेड़ से लटका शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना बृहस्पतिवार भोर की बताई जा रही है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिवार के लोगों ने उसके शव को पेड़ से उतार कर घर के सामने रख दिया था। पुलिस के साथ ही फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किया।
बताया जाता है कि भगवानपुर निवासी सुनीता पुत्री कन्हई को कोई मस्तिष्क संबंधी बीमारी थी। परिवार के लोगों का कहना है कि उसकी काफी दिनों से इलाज चल रहा था। बृहस्पतिवार को भोर में ही सुनीता ने घर के पास स्थित शौचालय के बगल में पेड़ की डाल पर दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह होने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। उसके जिंदा होने की उम्मीद में परिवार के लोगों ने शव को नीचे उतार लिया। बाद में सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम ने गांव वालों से भी पूछताछ की। थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात बताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।