गौर। 29 वर्ष बाद गौर को नया थाना भवन मिलने जा रहा है। वर्ष 2024 में गौर-टिनिच मार्ग पर बेलहिया पावर हाउस के बगल में सरकारी जमीन पर 10 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से चार मंजिल का थाना भवन भव्य रूप से तैयार हो रहा है। उम्मीद है कि बहुत जल्द नया थाना मिल जाएगा। निर्माण इकाई की ओर से तेजी से कार्य कराए जा रहे हैं।
बस्ती और गोंडा जिले की सीमा पर वर्ष 1997 में गौर विकास खंड के बगल सरकारी गोदाम के दो कमरे में गौर थाना खोला गया था, तभी से इसी भवन में थाना चल रहा है। पूर्व में कई बार नए थाने के लिए भूमि तलाशी गई। लेकिन अलग-अलग कारणों के चलते भवन का निर्माण नहीं हो पा रहा था। लंबे समय के बाद दिसंबर 2024 में तत्कालीन एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी के निर्देश पर मौजूदा समय में रहे प्रभारी निरीक्षक रामकुमार राजभर ने राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में बेलहिया पावर हाउस के बगल में थाना भवन के लिए भूमि का चिन्हांकन कराया और उसी भूमि पर शिलान्यास होने के बाद तभी से थाना भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
जहां आवास एवं विकास परिषद की ओर से चार मंजिल का प्रशासनिक थाना कार्यालय का निर्माण कराया जा रहा है, जबकि पुलिस आवास निगम की ओर से चार मंजिल का सुसज्जित ढंग से आवास बनाए जा रहे हैं, दोनों भावनों में मॉडल के तौर पर टाइप ए और टाइप बी की तरह 16-16 आवास बनाए जा रहे हैं, जहां पुलिसकर्मियों को बिजली, सड़क, पानी, शौचालय सहित सभी सुविधाएं मुहैया होगी।
..
एक हेक्टेयर भूमि पर बन रहा थाना
गौर थाना का निर्माण कार्य लगभग एक हेक्टर भूमि पर चल रहा है, जहां बैरक, प्रशासनिक कार्यालय, पुलिस कर्मियों के लिए आवास बनाए जा रहे हैं। थाना क्षेत्र में कुल 141 गांव है, सुरक्षा की दृष्टि से गौर थाना क्षेत्र में दो पुलिस चौकी स्थापित है, जिसमें बभनान और टिनिच चौकी शामिल है।
वर्जन:
गौर में नए थाना भवन का निर्माण 10 करोड़ 62 लाख की लागत से टाइप ए और टाइप बी मॉडल के 16-16 कमरे चार मंजिल के बनाए जा रहे हैं, जहां पुलिस कर्मियों को सारी सुविधाएं सुसज्जित ढंग से मिलेगी। जो अगस्त 2026 तक पुलिस विभाग को हैंडोवर हो जाएगा। - रामप्रताप, इकाई प्रभारी, उत्तर प्रदेश पुलिस, आवास निगम निर्माण इकाई गोरखपुर