टिनिच। सल्टौआ ब्लॉक के 11 ग्राम पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान के तहत आरआरसी केंद्रों का संचालन शुरू कर दिया गया। पिपराजप्ती ग्राम पंचायत में बुधवार को ग्राम विकास अधिकारी अरूणेश पाल और प्रधान प्रतिनिधि डॉ. जगराम निषाद ने आरआरसी सेंटर से कचरा वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा सफाई कर्मियों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया।
बताया गया कि अमरौली सुमाली, बसडिलिया, देईपार खुर्द, साड़ी कल्प, कोरियाडीह, मुस्तफाबाद, सल्टौआ गोपालपुर, मधवापुर, आमा तृतीय और औडजंगल पंचायतों में भी अभियान की शुरुआत हो चुकी है।
सोमवार से शनिवार तक निर्धारित रूट प्लान के अनुसार घरों से कचरा संग्रह कर आरआरसी केंद्र पर छंटाई की जाएगी। बिक्री से पंचायत की आय बढ़ाई जाएगी। कचरा कलेक्शन के एवज में प्रति परिवार प्रति माह 30 रुपये शुल्क लिया जाएगा।
इस दौरान रोजगार सेवक राजेश्वर लाल वर्मा, पंचायत सहायक विजय लक्ष्मी और सफाई कर्मी जुम्मन, इमरान, बासुदेव, ग्रामीण रामपाल, महेश आदि मौजूद रहे।