परशुरामपुर (बस्ती)। पुलिस और प्रशासन ने बुधवार की शाम गैंगस्टर एक्ट के तहत राजेश सिंह निवासी पड़री बाबू की संपत्ति कुर्क कर ली। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत लगभग 72 लाख 01 हजार 763 रुपये है। यह कार्रवाई जिलाधिकारी के 29 सितंबर को पारित आदेश के अनुपालन में की गई। एसडीएम हरैया सत्येंद्र कुमार सिंह, सीओ हरैया संजय सिंह और परशुरामपुर पुलिस ने राजेश सिंह के मकान पर नोटिस चस्पा किया। एसओ भानुप्रताप सिंह ने बताया कि राजेश सिंह के खिलाफ हत्या और लूट जैसे कुल 9 आपराधिक मामले थाने में दर्ज हैं। संवाद
पत्नी को भगा ले जाने का दर्ज कराया केस
पैकोलिया। थाना क्षेत्र के एक गांव से महिला को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत मिली है। पीड़ित पति ने एसपी को पत्र देकर आरोप लगाया कि 6 अक्टूबर को दोपहर के समय उसकी पत्नी और दो वर्षीय बच्चे को लल्लू उर्फ अर्जुन निवासी महुआ ने बहला-फुसलाकर कहीं ले गया। इस मामले में गांव का ही मनोज भी उसका सहयोग करता रहा। पीड़ित ने बताया कि उन्होंने हर जगह तलाश की, लेकिन पत्नी और बच्चे का कोई पता नहीं चल सका। प्रभारी निरीक्षक सुभाष मौर्य ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। संवाद
दुष्कर्म के केस में वांछित आरोपी गिरफ्तार
बस्ती। थाना परशुरामपुर पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर दुष्कर्म के केस में वांछित राम निरंजन निवासी को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज है। एसओ भानु प्रताप सिंह के अनुसार, आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा था। संवाद
पोखरा बाजार में मारपीट, केस दर्ज
बस्ती। नगर थानाक्षेत्र के पोखरा चौराहा पर मंगलवार सुबह मारपीट की घटना सामने आई। कप्तानगंज थानाक्षेत्र के खपड़ही निवासी सुंदरम ने तहरीर दी कि पोखरा बाजार निवासी पलालू और उसके साथियों ने अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने लात-घूसों से मारापीटा, गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। संवाद
फूल-पत्ती तोड़ने को लेकर मारपीट
बस्ती। परशुरामपुर थानाक्षेत्र के कुसमौर डीह गांव में घर में बच्चे के फूल-पत्ती तोड़ देने को लेकर विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। वहां की मकीना ने खनकू, दनन्न, मन्ने और रिजवान उर्फ जरलहा पर आरोप लगाया कि इन लोगों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों को पीटा, गालियां दी और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन कर रही है। संवाद
गाड़ी हटाने को लेकर महिला से मारपीट, केस
बस्ती। हर्रैया थाना क्षेत्र के भदवाल कला गांव में बुधवार को गाड़ी हटाने के विवाद में सविता देवी पत्नी दाऊ को कुछ लोगों ने मारपीट कर जान-माल की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी पीर अली, पीर मोहम्मद, राजदा खातून, पीर मोहम्मद की पत्नी, उसका बेटा मुसकीम और एक अज्ञात व्यक्ति पर केस दर्ज किया है।संवाद