बस्ती। जनपद में हाईवे पर खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतरजनदीय चोर गिरोह का पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सोमवार की सुबह पर्दाफाश करते हुए दो चोरों को चैनपुरवा अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम ने गोरखपुर के खोराबार थाना क्षेत्र के रामनगर करजहां निवासी विवेक पासवान और खोराबार थाना क्षेत्र के ही बेलवार निवासी विपिन पासवान की गिरफ्तार की है। आरोपियों के पास से चोरी का डीजल, घटना में प्रयुक्त कार, असलहा और चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के सबदईया कला हाईवे और परसा जाफर स्थित जायका ढाबा के पास खड़े ट्रकों से लगातार डीजल चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर अंकुश लगाने के लिए चलाए गए अभियान के तहत सोमवार की सुबह करीब 3:40 बजे पुलिस टीम ने घेराबंदी कर विवेक पासवान और विपिन पासवान को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान इनके कब्जे से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई, जिसमें तीन गैलन रखे थे। इनमें करीब 70 लीटर डीजलथा। कार से डीजल निकालने के लिए इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक पाइप, पेचकस, जैक टूल, रिंच और बैटरी लॉक उपकरण भी मिले। कार के डैशबोर्ड से पुलिस ने 12 बोर का असलहा, कारतूस और 1320 रुपये नकद बरामद किए हैं। मुख्य आरोपी विवेक पासवान एक शातिर अपराधी है। उस पर गोरखपुर के विभिन्न थानों में सात मुकदमे पहले से दर्ज हैं।