बस्ती। एक्सप्रेस ट्रेनों के लेट होने से ठंड के चलते यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी रात में प्लेटफाॅर्म पर होती है। ट्रेन के इंतजार में कई घंटे तक स्टेशन पर बैठना पड़ रहा है। बस्ती के रास्ते जाने वाली गांधीधाम स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन 11 घंटे की देरी से चल रही है।
रेलवे समय सारिणी के अनुसार, पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती के रास्ते सोमवार को जाने वाली गांधीधाम स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 11 घंटे की देरी से चल रही है। इस ट्रेन को सुबह 6:30 बजे बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंचने का समय था। लेट होने से अब यह ट्रेन रात 12 के बाद आई।
इसी तरह शहीद एक्सप्रेस सात घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस चार घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल एक्सप्रेस 3:30 घंटे, बरौनी नई दिल्ली क्लोन स्पेशल चार घंटे और अयोध्या-भटनी मेमो पैसेंजर अपने निर्धारित समय से 3:30 घंटे की देरी से पहुंची। पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह ने बताया कि अब ट्रेनों के समय में काफी सुधार हो रहा है। कोहरे के कारण कुछ ट्रेनें अब भी विलंब से चल रही है।
ये ट्रेनें रहीं निरस्त
रेलवे प्रशासन की ओर से सोमवार को हमसफर एक्सप्रेस, जनसेवा, गोंडा-गोरखपुर अप और डाउन पैसेंजर, लखनऊ एक्सप्रेस ट्रेन निरस्त रहीं।