बस्ती। गांधीनगर स्थित सब्जी मंडी में स्थित ऑनलाइन जनसेवा केंद्र से 90 हजार की लूट की फर्जी सूचना देने के मामले में पुलिस ने धोखाधड़ी कर रुपये हड़पने के आरोप में केस दर्ज किया है।
शहर कोतवाली के विशनपुरवा निवासी जितेंद्र सोनकर ने तहरीर देकर बताया है कि उन्होंने जमीन बेच कर 27 अक्तूबर 2023 को बैक ऑफ बड़ौदा में 10 लाख रुपये की एफडी कराई थी। अगले महीने में पैसे की जरूरत पड़ने पर शौर्य कम्प्यूटर ऑनलाइन जनसेवा केंद्र सब्जी मंडी के संचालक सूरज गुप्ता के पास जाकर एफडी तोड़कर पैसा निकालने के लिए कहा। आरोप है कि सूरज गुप्ता ने आवेदक से मोबाइल मांग कर ऑनलाइन बैंक कोड पूछ लिया।
फिर बताया गया कि पांच लाख रुपये आपके खाते में आ गया है और बाकी पैसा खाते में आ जाएगा। बाद में पता चला कि धोखाधड़ी करके सूरज ने दस लाख रुपये की एफडी पर नौ लाख रुपये का लोन करा दिया।
इसमें से चार लाख दो अलग-अलग खातों में भेज दिया है। जब सूरज गुप्ता से बाकी पैसा मांगा तो जातिसूचक व अपशब्दों का प्रयोग करके जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पैसा लौटान से बचने के लिए झूठी कहानी रच दी। कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी कर पैसा हड़पने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
सीओ सिटी सत्येंद्र भूषण तिवारी ने बताया कि इसी पैसे को लौटाने से बचने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी रची थी।