बस्ती। जिले में पिछले महीने लगातार हो रही चोरियों की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इन वारदात के पीछे लखीमपुर खीरी और बरेली जिले से सक्रिय एक अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ था।
सोमवार-मंगलवार की रात परशुरामपुर, गौर थाना, स्वाट और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया। इनसे पूछताछ में जिले की कई बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है। एसपी अभिनंदन ने बताया कि गिरोह के सदस्य प्रदेश के कई जिलों में घूम-घूमकर बंद मकानों और आभूषण की दुकानों में सेंध लगाते थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
संयुक्त टीम ने मखौड़ा मंदिर मुख्य मार्ग के पास से रात करीब 12:34 बजे एसओ परशुरामपुर भानु प्रताप सिंह, एसओ गौर संतोष कुमार, एसओजी प्रभारी विकास यादव, स्वाट प्रभारी चंदन कुमार की टीम ने चारों आरोपियों अतीक अहमद निवासी कस्बा सिंगाही थाना सिंगाही जिला लखीमपुर खीरी, वहीं के भिड़ौरा निवासी अफरीद, बथुला टांडा निवासी साजिम व बरेली जिले के थाना फटेट गंज के नगरीय कला (समदा ईलाका) निवासी निशार अहमद को पकड़ा।
एसपी अभिनंदन ने बताया कि पुलिस टीम की इस बड़ी सफलता पर उन्हें 25 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।