भारतभारी। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के कौसल्या नगर (रीवा) में कचरा फेंकने के विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है।
इसमें पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में नसरीन, आफरीन, नजरीन और नियाज अहमद की पत्नी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 13 कौसल्या नगर वार्ड निवासी शीला पांडेय पुत्री चंद्रशेखर पांडेय का आरोप है कि 14 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे वह अपने घर का कचरा पास स्थित एक गड्ढे में फेंककर लौट रही थीं।
इसी दौरान गांव की ही नसरीन, आफरीन, नजरीन पुत्री नियाज अहमद व नियाज अहमद की पत्नी ने उन्हें रोक लिया और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज करने लगीं।
वह कहने लगीं की उनकी ओर से फेंके गए कचरे से नाली का पानी बाधित होगा जबकि कचरा नाली में न डालकर गड्ढे में फेंका गया था। शीला का आरोप है कि जब उसने उनसे इसका विरोध जताया तो सभी आरोपियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इस मामले में शीला ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज करके मामले की जांच शुरु कर दी है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।