बस्ती। कोतवाली थाना क्षेत्र के बस्ती-बांसी मार्ग पर स्थित बरगदवां के निकट सोमवार की रात बस-ट्रक की भीषण टक्कर में ट्रक और बस चालक समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, बकि बस में सवार 20 यात्री घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा एक दूसरे के परखच्चे उड़ाते हुए आपस में चिपक गए। घायलों में तीन की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है। जिन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक हल्के में हलचल बढ़ गई। डीआईजी संजीव त्यागी, डीएम कृत्तिका ज्योत्सना, एसपी अभिनंदन समेत कई थानों की फोर्स और प्रशासनिक अफसर घटना स्थल पर पहुंच गए। प्रशासनिक टीम एंबुलेंस के साथ बचाव कार्य में जुट गई। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया जाने लगा। भीषण मार्ग दुर्घटना के दौरान हादसा स्थल से चार लोगों का क्षत-विक्षत शव बरामद किया गया। हादसे की जानकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचते ही उन्होंने अगले दिन सोमवार को जिला प्रशासन से मृतकाें और घायलों का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों काे दो-दो लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये आर्थिक मदद पहुंचाने की घोषणा की। जिला प्रशासन ने हादसे में मृतक और घायलों का पूरा विवरण शासन को उपलब्ध करा दिया है। डीएम कृत्तिका ज्योत्सना ने बताया कि हादसे की जानकारी होते ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। घायलों को त्वरित उपचार की व्यवस्था कराई गई। हादसे की जानकारी विवरण सहित शासन स्तर पर प्रेषित कर दी गई है। मृतकों में ट्रक ड्राइवर इटावा जिले के जसोहन निवासी शिवराज सिंह पुत्र छोटेलाल, बस चालक बस्ती के रुधौली थाना क्षेत्र के अनदेउरा निवासी संदीप पांडेय (28) पुत्र हरिप्रसाद पांडेय, तीर्थ यात्री रुधौली थाना क्षेत्र के कथकपुरवा अब्दुल्ला पुत्र हसन रजा, मुंडेरवा थाना क्षेत्र के ऊंच गांव जमोहे निवासी मुख्तार अली (75) पुत्र जुम्मन शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल यात्रियों में (8) साल की जैनब खातून पुत्री अजमत अली, निवासी बेलहर थाना बखिरा, संतकबीर नगर, शायराबानो (70) पत्नी फुद्दन, निवासी बभनी, संतकबीर नगर और जौवाद अली (60) पुत्र बल्लर निवासी बजहा थाना रुधौली शामिल हैं। इन तीनों घायलों को बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया गया है। जबकि 17 अन्य घायलों का इलाज बस्ती जिला अस्पताल में चल रहा है।