नगर बाजार। परसरामपुर थाना क्षेत्र के बिलारी भीटी गांव में भैंस चराकर घर लौट रही महिला की तीन लोगों ने गाली देने से मना करने पर पिटाई कर दी। बीचबचाव करने आए उसके पति और दो बेटियों को भी पीटा। घटना में परिवार के कई लोगों को चोटें आई हैं। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव निवासी आशा ने दर्ज एफआईआर में बताया कि मंगलवार को वह भैंस चराकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान गांव के राम धीरज ने रास्ते में जानवर खड़े करने की बात को लेकर उन्हें गाली देने लगे। मना करने पर राम धीरज, उनकी पत्नी सपना और बेटे शनि ने उनकी पिटाई कर दी।
शोर सुनकर उनके पति विधि नारायण, बेटियां मोनी और मुन्नी मौके पर आईं तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। बाद में जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। थाना प्रभारी विश्व मोहन राय ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करके जांच की जा रही है।