छावनी। कस्बे में हाईवे से सटे विद्युत पोल के स्टेक से उतरे करंट से चार बंदरों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना थाना के बगल से कस्बे के मुख्य मार्ग पर जाने वाले रास्ते पर हुई। स्थानीय लोगों ने विद्युत निगम को सूचना देकर लाइन कटाने के बाद मृतक बंदरों को रामरेखा नदी किनारे मिट्टी देने के लिए लेकर गए।
कस्बे में विद्युत पोल के स्टेक में उतरे करंट की चपेट में आकर एक बंदर तड़पने लगा। एक - एक कर उसको बचाने गए तीन और बंदर करंट की चपेट में आकर मर गए। कस्बे में थाना के पास दक्षिण तरफ से हाईवे के उत्तर तरफ के निवासियों को हाईवे के ऊपर से तार ले जाकर आपूर्ति की जाती है।
बंदरों की धमा चौकड़ी से यहां पर अक्सर विद्युत तारों की टकराहट से आतिशबाजी होती रहती है। करीब एक माह पूर्व तार बाजार में चहल पहल के दौरान गिर गया था। जिससे दुर्घटना होते होते बची थी। दवा व्यवसाई संघ अध्यक्ष जगन्नाथ कसौधन ने कहा कि इस पोल में अक्सर करंट आता रहता है। संवाद