संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। कछुआ चाल से हो रहा कंपनीबाग-बड़ेवन फोरलेन का निर्माण लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। कटरा आवास विकास कॉलोनी मोड़ से आगे सड़क के दोनों तरफ खोदाई कर देने से लोगों के लिए आना-जाना दूभर हो गया है।
अगल-बगल के दुकानदारों और मकान में रहने वाले लोगों के लिए और भी दिक्कत खड़ी हो गई है। दोनों तरफ खोदाई के कारण वाहन भी बीच से होकर गुजर रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। तीन विभागों पीडब्ल्यूडी, जलकल और बिजली निगम का समन्वय ठीक न होने के कारण पूरा इलाका अस्तव्यस्त है।
आवास विकास कॉलोनी निवासी पंकज ओझा ने बताया कि सड़क को एक तरफ तैयार करने के बाद दूसरी तरफ की खोदाई करनी चाहिए, ताकि लोगों का आवागमन बाधित न हो। इस तरह खोद देने से जगह होने के बावजूद दिनभर जाम लगा रहता है। दुकानदार मोहित गुप्ता ने बताया कि कई माह से वे लोग सांसत झेल रहे हैं।
जाम की समस्या से मुक्ति के लिए शहर के प्रवेश मार्ग बड़ेवन से कंपनीबाग तक 1.75 किमी लंबी सड़क को फोरलेन बनाने की योजना बनी। शासन से धन भी अवमुक्त हुआ। कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड ने सड़क के बीचोबीच से दोनों तरफ 11.5 मीटर चौड़ाई नापकर निशानदेही की। हालांकि, बाद में बगल के व्यापारी एक तरफ कम और दूसरी तरफ ज्यादा अधिग्रहण करने का आरोप लगाते रहे।