छावनी थाना क्षेत्र के विक्रमजोत सब्जी मंडी से पुलिस ने सोमवार सुबह करीब सवा पांच बजे जाली नोट के अंतरजनपदीय गिरोह के चार गुर्गों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की। उनके पास से 15 लाख रुपये के जाली नोट (पांच-पांच सौ रुपये की 30 गड्डियां), 10 मोबाइल फोन और कार भी जब्त की। आरोपियों में दो संतकबीरनगर, एक-एक बस्ती और गोंडा के रहने वाले हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर गिरोह के सरगना और अन्य साथियों के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है।
एएसपी श्यामकांत ने सोमवार को पुलिस लाइंस में प्रेसवार्ता में बताया कि एसओ छावनी जनार्दन प्रसाद को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जाली नोटों के अंतरजनपदीय गिरोह के कुछ गुर्गे विक्रमजोत मछली मंडी के पास आने वाले हैं। इस पर सुबह करीब पांच बजे एसओजी, स्वाट व सर्विलांस टीम के साथ एसओ ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। उनकी गाड़ी में नकली नोटों की 30 गड्डियां भी बरामद हुईं।
पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे नकली नोट की गड्डियों के ऊपर व नीचे असली नोट लगा कर रखते थे। बैंकों के आसपास रेकी करते रहते थे। बैंक से रुपये निकालकर लौटने वाले सीधे-सादे लोगों पर नजर रखते थे। मौका देखकर उन्हें दोगुना/तीन गुना रुपये का लालच दे कर वे अपनी गड्डी के नकली नोटों को असली नोटों से बदल लेते थे। एक जगह कई दिनों तक कोशिश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर दूसरे कस्बों में जाकर घटना अंजाम देने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस के अनुसार गिरोह का यह तरीका महीनों से चल रहा था। आरोपितों ने माना कि वे बस्ती, अयोध्या, अंबेडकरनगर व संतकबीरनगर के बैंकों के आसपास सक्रिय थे।
-
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों में गोंडा जिले के मनकापुर थानाक्षेत्र के पटीठ निवासी अनूप कुमार सिंह उर्फ बब्बू, मुंडेरवा थाना क्षेत्र के कमोखर निवासी ओंकार उर्फ बब्बू, संतकबीरनगर जिले के महुली थाना क्षेत्र के महुली मेन मार्केट निवासी राजकुमार गुप्ता, धनघटा थाना क्षेत्र के गगरा गाड़ निवासी शिव कुमार कन्नौजिया शामिल हैं।
-
बदलते रहते थे गाड़ी की नंबर प्लेट
पुलिस ने बताया कि बरामद कार की तलाशी के दौरान फर्जी नंबर‑प्लेट मिलीं। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बचने व भ्रम पैदा करने के लिए अलग‑अलग समय पर असली और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कार का इस्तेमाल करते थे। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ के साथ‑साथ उनके नेटवर्क, मोबाइल डाटा व वाहन की फोरेंसिक की जांच भी तेज कर दी गई है।