बस्ती। सिद्धार्थनगर जिले के बाॅर्डर पर स्थित सोनहा क्षेत्र के दुबौली पड़ाव पर 16 जून की देर रात हुई हिंसक झड़प में शामिल चार आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को डुमरियागंज से गिरफ्तार किया।
इससे पहले 16 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। घटना में लाठी-डंडे व रॉड लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया था। एक बोलेरो और एक बाइक में आग लगा दी गई थी। असनहरा चौकी की पुलिस ने 24 नामजद समेत 94 आरोपियों पर केस दर्ज किया था।
पुलिस के अनुसार गत 13/14 मई को सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज थाने के मधुनगर गांव में एक कार्यक्रम में पड़ोसी गांव बगडिहवा और मडहिला गांव के लोग भी नाच देखने गए थे। उसी दौरान किसी गाने की फरमाइश पर दोनों गांवों के लोगों के बीच विवाद हो गया था। इसी घटना की रंजिश को लेकर 16 जून की देर रात सोनहा थाने के दुबौली पड़ाव पर दो गुटों के लोग फिर से आमने-सामने आ गए थे।
थाना प्रभारी मोतीचंद राजभर ने बताया कि आगजनी, तोड़फोड़, दंगा कर शांति व्यवस्था भंग करने के आरोपी सुभान अली, मुबारक अली, फैजान और अब्दुल आमिर बगडिहवा थाना डुमरियागंज को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।