बस्ती/रुधौली। संपूर्ण समाधान दिवस फिर औपचारिकता के साथ पूरा कर लिया गया। जिले की चारों तहसीलों में अधिकारियों के समक्ष 252 फरियादी न्याय की आस में पहुंचे लेकिन 27 के ही मामले निस्तारित किए जा सके।
मुख्य तहसील दिवस का आयोजन रुधौली में हुआ। नवागत डीएम राजशेखर की अध्यक्षता में पहला तहसील दिवस होने से रुधौली में 106 मामले निस्तारण के लिए आए। लेकिन यहां भी कवायद नाममात्र की रही। महज छह लोगों की समस्याओं का समाधान हो सका। पुलिस भर्ती परीक्षा होने के कारण डीएम समय से नहीं पहुंच सके थे। बाद में उनकी डेढ़ घंटे की उपस्थिति में 64 मामले आए। इस प्रकार रुधौली में कुल 106 मामलों की सुनवाई में छह फरियादों पर ही कार्रवाई हो सकी जबकि 100 फरियादियों को वापस जाना पड़ा।
सदर तहसील दिवस की अध्यक्षता सीडीओ अरविंद कुमार पांडेय ने की। सीआरओ, एसडीएम, तहसीलदार की उपस्थिति में 51 लोगों ने मामले के निस्तारण की फरियाद की थी लेकिन यहां भी छह फरियादों की ही समस्याएं सुनने के बाद अफसरों ने निस्तारित किया जबकि 45 को निराशा हाथ लगी। हर्रैया तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम एसपी शुक्ला ने किया। अफसरों के सामने 59 लोगों ने मामले के निस्तारण के लिए फरियाद की। इनमें से महज 11 के प्रार्थनापत्रों पर ही मौके पर निस्तारण किया जा सका है। बीडीओ जितेंद्र प्रताप सिंह, तहसीलदार नवीन कुमार, विजय कुमार, सहित अन्य मौजूद रहे। भानपुर तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता बीडीओ राम नगर हरिश्चंद्र ने की। भानपुर में कुल 36 लोग प्रार्थनापत्र लेकर अपने मामले के निस्तारण की गुहार की। अन्य तहसील दिवस की तरह इस बार भी चार मामलों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। हरिहरपुर ग्राम पंचायत के राजबली मौर्या ने प्रधानमंत्री आवास के मजदूरी भुगतान का मामला उठाया। बताया कि कई बार ब्लॉक पर प्रार्थना पत्र भी दे चुके हैं। वहीं, अमारेडीहा गांव के जगपत दास ने शिव मंदिर पर लगे हैंडपंप को रीबोर कराने की मांग की। आमा टिनिच की सुनीता सिंह ने लेखपाल की शिकायत दर्ज कराई। बताया कि हिस्से के लिए अनावश्यक दौड़ाया जा रहा है। जबकि परसालगंडा निवासी राम प्रकाश मिश्र ने ग्राम प्रधान की शिकायत सरकारी धन के दुरुपयोग की थी। कराए गए कार्यों की जांच कराने की मांग की। इस मौके पर सभी तहसील व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।