कंम्पनी बाग दुर्गा पंडाल मे लगी लोगो की भीड़।
एक साथ पड़ रहे दशहरा-दुर्गापूजा व मोहर्रम त्योहार को लेकर प्रशासनिक स्तर पर चल रही लंबी रस्साकशी की पहली अग्निपरीक्षा सोमवार को यानी आज होगी। एक ओर जहां शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की 250 प्रतिमाओं का विसर्जन होगा, वहीं शिया व सुन्नी मुसलमानों का अलग-अलग का जुलूस भी निकाला जाएगा। इस दौरान किसी तरह की विसंगति या विवाद पैदा होने की स्थिति में माहौल सामान्य रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किए गए हैं। गैर जनपद की पुलिस भी ड्यूटी पर लगाई गई है। ताकि किसी भी जगह से विवाद की नौबत न आए।
जिले में स्थापित प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला आज से शुरू हो रहा है। 16 अक्टूबर तक चलने वाले विसर्जन के पहले दिन सोमवार को विभिन्न थानाक्षेत्रों की 250 प्रतिमाओं का समीप के नदी-सरोवर में विसर्जन किया जाएगा। इस दौरान पुलिस व पीएसी का कड़ा प्रबंध रहेगा। इस दौरान कई जगह मेले लगेंगे।
उधर सोमवार को ही शिया समुदाय का ताबूत का जुलूस लाडली मंजिल से शाबान मंजिल तक निकाला जाएगा। इसको लेकर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जिससे लोगों को कोई असुविधा न हो। पुलिस को उम्मीद हैं कि त्योहारों के दौरान जिले में गंगा-जमुनी तहजीब का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।