बस्ती रेलवे स्टेशन पर टिकट निरस्त करते यात्री।संवाद
बस्ती। कोहरे के चलते एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है। ट्रेनों को कई घंटे विलंब होना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को जाने वाली बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अपने निर्धारित समय से 25 घंटे लेट होने की वजह से दूसरे दिन शुक्रवार की शाम 6:15 बजे बस्ती स्टेशन पर पहुंची। भीषण ठंड में यात्रियों को रात स्टेशन पर गुजारने पड़े।
भीषण ठंड में कोहरे का असर एक्सप्रेस ट्रेनों की रफ्तार पर जबरदस्त देखने को मिल रहा है। आए दिन ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही हैं। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को शीतलहरी में रातभर प्लेटफाॅर्म पर बैठना पड़ रहा है। पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती रेलवे स्टेशन के रास्ते आने-जाने वाली अधिकतर एक्सप्रेस ट्रेनें कई घंटे की देरी से चल रही हैं। सबसे ज्यादा दिक्कत यात्रियों को बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन को लेकर हुई।
इस ट्रेन का बृहस्पतिवार की शाम 4:11 बजे बस्ती स्टेशन पर आने का समय था। 25 घंटे लेट होने की वजह से शुक्रवार को शाम 6:15 बजे ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। इस ट्रेन के यात्रियों ने मजबूर होकर टिकट निरस्त कराकर घर चले गए। जिन्हें यात्रा करना मजबूरी थी, वे ठंड में पूरी रात स्टेशन पर ट्रेन के इंतजार में बैठे रहे। गोरखधाम-सुपरफास्ट डाउन एक्सप्रेस ट्रेन को सुबह 8:11 आने का समय था, मगर कोहरे की वजह से यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से 9 घंटे की देरी से चल रही है।
इसके अलावा राप्तीसागर एक्सप्रेस तीन घंटे, आम्रपाली एक्सप्रेस ढाई घंटे, नई दिल्ली क्लोन स्पेशल दो घंटे, गोरखधाम सुपरफास्ट दो घंटे, अवध आसाम एक्सप्रेस 4:30 घंटे,बरौनी क्लोन स्पेशल अपने निर्धारित समय से 13 घंटे की देरी से चल रही है।
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि भीषण कोहरे का असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ रहा है। इस वजह से ट्रेनें विलंब से चल रही हैं।